सपरिवार माँ विन्ध्यवासिनी के दर्शन करने पहुँचे बसपा महासचिव सतीशचंद्र मिश्र

विन्ध्याचल : बुधवार को बसपा महासचिव सतीशचंद्र मिश्र सपरिवार माँ विन्ध्यवासिनी के दर्शन को पहुँचे थे। यहां उनके सम्मान में दर्जनों ब्राह्मणों ने शंखनाद किया, मां के दर्शन के बाद उन्होंने तीर्थपुरोहित शिवजी मिश्रा के अतिथिगृह में पत्रकारों से बातचीत की। इस दौरान उन्होंने प्रदेश की भाजपा सरकार पर जमकर निशाना साधा।
उन्होंने कहा कि "प्रदेश का सम्पूर्ण ब्राह्मण समाज दुःखी है, परेशान है, आक्रोशित और पीड़ित है। मैंने इस बार अयोध्या से ब्राह्मणों के साथ अपने मुहिम की शुरुआत की अयोध्या के पश्चात मथुरा, वृंदावन व काशी गया, हर जगहों पर बसपा को ब्राह्मणों का जबरदस्त सहयोग व आशीर्वाद मिल रहा है। लोग वर्तमान सरकार के प्रति अपना अपना विरोध प्रकट कर रहे है।"
बसपा महासचिव ने कहा कि बहुजन समाज पार्टी आगामी विधानसभा चुनाव में किसी भी पार्टी के साथ चुनाव नही लड़ेगी, पार्टी सिर्फ और सिर्फ जनता से समझौता करेगी। 2022 का चुनाव पूर्ण बहुमत से जीतने के पश्चात प्रदेश में कानूनी ढंग से कानून का राज कायम होगा। उन्होंने कहा कि इस बार जिस तरह से सबका सहयोग और समर्थन हमें मिल रहा है उसे देखकर यह साफ हो गया है कि प्रदेश में पूर्ण बहुमत से सरकार बना रही है और बहन मायावती का प्रदेश का मुखिया बनना तय है।
बता दें कि 2022 में होनें वाले विधानसभा चुनाव की तैयारी में बसपा नेता इन दिनों जगह जगह भ्रमण कर फिर से सत्ता में आने की जुगत में चुनावी रणनीति को और मजबूत करने के लिए पार्टी कार्यकर्ताओं और पार्टी पदाधिकारियों के साथ मुलाकात कर रहे है। दर्शनपूजन का समस्त कार्य उनके तीर्थपुरोहित शिवजी मिश्र ने दर्जनों ब्राह्मणों के साथ सम्पन्न कराया। दर्शन के दौरान उनके साथ उनकी पत्नी, पुत्र व पुत्री के अतिरिक्त दर्जनों बसपा को समर्थन देने वाले ब्राह्मण मौजूद रहे।
रिपोर्ट- रवि यादव, जिला संवाददाता
मिर्ज़ापुर ऑफिशियल