UP Elections 2022 : लैपटॉप हो या स्कूटी, पार्टियों ने जनता से किये गए कई वादे

UP Chunaav: हालांकि दस्तक तो सर्दियों ने दे दी है, लेकिन यूपी में चुनाव का मामला बड़ा ही गरम चल रहा है, पार्टियां कोई भी कसर नहीं छोड़ रही हैं। नारे हो या पोस्टर्स, सारी की सारी पार्टिया कमर कास के लगी हैं देश के सबसे बड़े राज्य को जीतने के लिए। आखिर यह हो भी क्यों ना, सबको ही पता है सेंट्रल में धाक जमाने का रास्ता तो यूपी की ही आबादी से होकर गुज़रता है। चाहे भाजपा हो या कांग्रेस, सपा हो या बसपा, सभी पार्टियां अपने सबसे बढिया दाव खेल रही है।
आपकी जानकारी के लिए बता दें कि अभी पार्टियों में मेनिफेस्टो को लेकर घमासान मानसिक युद्ध चल रहा है, लेकिन आपको वादों के पुल बांधते राजनेता अभी से नज़र आ जाएंगे। अभी हाल ही में योगी सरकार ने चुनाव से कुछ दिन पहले छात्रों को फ्री लैपटॉप देने की स्कीम चलाई है। कांग्रेस को आगे बढ़ाने की कोशिश करते हुए प्रियंका गांधी ने महिलाओं के लिए विशेष घोषणापत्र में उनके लिए काफी कुछ करने के वादे किये हैं। वहीं अखिलेश यादव किसानों का ज़िम्मा उठाते हुए उनसे कई वादे कर चुके है। अब देखना यह है कि आखिर किसके वादों में ज़्यादा दम है और कौन जनता को भाया? यह तो चुनाव के बाद ही पता चलेगा कि कौन उत्तर प्रदेश के ज़रिये सेंटर की तरफ कदम बढ़ाएगा।
खैर, चलिए हम आगे आपको इस आर्टिकल में बताएंगे की कौन सी पार्टी ने कौन से वादे किये, नीचे स्क्रॉल करें और पढ़ना जारी रखें।
कांग्रेस: कांग्रेस पार्टी पूरे ज़ोरों शोरों से लगी है इस कोशिश में कि वह देश में वापस अपनी जगह बना पाए। यही कारण है कि कांग्रेस अपनी तरफ से वादे करने में कोई कसर नहीं छोड़ रही है। यह चुनाव कांग्रेस के लिए कोई मामूली चुनाव नहीं है यह लड़ाई है उसके खोये हुए राजनैतिक अस्तित्व की। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी इस बार नेतृत्व करते हुए आगे बढ़ रहीं हैं। उनका फोकस प्रदेश की 'आधी आबादी' पर है। खैर आपको बता दें कि अभी वादों में सबसे आगे कांग्रेस ही है। घोषणा पत्र में महिलाओं को 40 फीसदी टिकट, कॉलेज जाने वाली युवतियों के लिए मोबाइल-स्कूटी, गृहणियों को साल में तीन सिलेंडर मुफ्त, सरकारी बसों में महिलाओं के लिए मुफ्त यात्रा, आशा और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को प्रतिमाह 10,000 रुपये का मानदेय, नए सरकारी पदों पर 40% महिलाओं की नियुक्ति, वृद्धा-विधवा पेंशन 1000 रुपए/प्रतिमाह देने जैसे वादे शामिल हैं।
बीजेपी: योगी सरकार के 5 साल के करियर ग्राफ से तो सभी वाकिफ हैं। योगी की भाजपा सरकार ने हर पल अपने द्वारा किये गए कार्यों का बखान किया है। हालांकि अभी मेनिफेस्टो भी जारी नहीं किया गया है। लेकिन अभी से ही योगी ने एक अहम् दांव खेला है युवा के सपोर्ट के लिए उन्होंने मेधावी छात्र-छात्राओं को फ्री लैपटॉप देने की स्कीम निकाली है। इस योजना के तहत 20 साल तक फ्री लैपटॉप बांटने का प्रोग्राम है, जल्द ही इस पर काम शुरू हो जाएगा। इसमें कुल 1800 करोड़ रुपये का खर्चा है। इसके साथ ही भाजपा ने पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे, गंगा एक्सप्रेस-वे, गोरखपुर लिंक एक्सप्रेस-वे और बुंदेलखंड एक्सप्रेस-वे पर काम किया है।
समाजवादी पार्टी: उत्तर प्रदेश में यदि कोई भाजपा को टक्कर दे सकता है तो फिलहाल वह है समाजवादी पार्टी, अखिलेश यादव की पार्टी ने भी कमर कस लिया है। उन्होंने भी पिछले महीने से वादों के पल बनाना शुरू कर दिया था। उन्होंने कहा है कि सत्ता हाथ में आते ही गाजीपुर और बलिया से लखनऊ आने वाली सड़क को ठीक किया जाएगा। अखिलेश ने यह भी वादा किया है की, वह पुलिस की गाड़ियां और एम्बुलेंस बढ़ाने पर काम करेंगे। साथ ही उन्होंने किसानों को अपना फोकस पॉइंट बनाया है।
अब देखना यह है कि किसकी वादों की लम्बी कतार जनता की लम्बी कतार को अपने और खींच लाएगी।
Source: ABPLive